पेट्रोल की शुद्धता पर बड़ा खुलासा: 1 लाख से ज्यादा पंपों की हुई जांच, 4 में निकला मिलावटी ईंधन
पंप पर मिलने वाले ईंधन को लेकर अगर आप परेशान हैं, तो पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आपकी चिंता दूर करने की कोशिश की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि ईंधन में कोई मिलावट नहीं है।
मंत्री पुरी ने बताया कि देशभर में 1,07,000 पेट्रोल पंपों की जांच हुई है और इनमें से सिर्फ 4 जगहों पर ही मिलावटी ईंधन मिला। दरअसल, कुछ कार कंपनियां एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से इंजन को होने वाले नुकसान या कम माइलेज को लेकर चिंता जता रही थीं, जिसके बाद यह जानकारी सामने आई है।
तेल कंपनियों ने क्लोराइड की चिंता दूर की
तेल कंपनियों ने भी ईंधन की गुणवत्ता को लेकर अपनी स्थिति साफ की है। उन्होंने बताया कि रिफाइनरियों से लेकर पेट्रोल पंपों तक 160 से ज्यादा नमूनों की जांच की गई है। इन जांचों में सामने आया कि मिश्रित ईंधन में क्लोराइड की मात्रा 0 से 3 पार्ट्स प्रति मिलियन (ppm) के बीच है, जो तय मानकों से काफी कम है।
यह मात्रा उस 500 ppm से कहीं कम है, जिसकी खबरें चल रही थीं। साथ ही, पानी की मौजूदगी भी लगभग न के बराबर पाई गई है। तेल कंपनियों ने कहा है कि वे इस मिश्रित ईंधन की लगातार जांच करते रहेंगे ताकि उपभोक्ताओं का भरोसा बना रहे।