Page Loader
चंदन मिश्रा हत्याकांड: कोलकाता से गिरफ्तार किए गए 5 आरोपी, पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई
चंदन मिश्रा हत्याकांड के सिलसिले में कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है

चंदन मिश्रा हत्याकांड: कोलकाता से गिरफ्तार किए गए 5 आरोपी, पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई

लेखन आबिद खान
Jul 19, 2025
07:25 pm

क्या है खबर?

बिहार की राजधानी पटना में दिनदहाड़े हुए चंदन मिश्रा हत्याकांड ने राज्य में कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। अब पुलिस ने इस घटना के बाद कई पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप हैं। वहीं, हत्या को लेकर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, अभी पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

निलंबन

5 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

पटना SSP के निर्देश पर पुलिस ने शास्त्रीनगर थाने के एक इंस्पेक्टर, 2 सब-इंस्पेक्टर और 2 सिपाही को ड्यूटी में लापरवाही के कारण सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा अन्य मामलों में लापरवाही बरतने और ड्यूटी पर तैनात नहीं रहने के चलते 4 थानों के पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हुई है। इनमें गांधी मैदान थाना, सचिवालय थाना और गर्दनीबाग थाना शामिल है। इन तीनों थाने के एक-एक इंस्पेक्टर को भी निलंबित किया गया है।

गिरफ्तारी

कोलकाता में पुलिस और STF की छापेमारी

बिहार STF और कोलकाता पुलिस ने देर रात न्यू टाउन के एक फ्लैट में छापा मारकर 4 लोगों को हिरासत में लिया है। ये सभी शेरू सिंह गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 4 आरोपी सीधे मिश्रा की हत्या में शामिल थे, जबकि एक हत्याकांड की साजिश रचने में शामिल था। पुलिस ने इन्हें मोबाइल फोन की लोकेशन की मदद से पकड़ा है।

पहचान

पुलिस ने सभी शूटरों की पहचान की

पुलिस ने सभी शूटरों की पहचान कर ली है। इनमें से एक का नाम तौसीफ बादशाह बताया जा रहा है। CCTV फुटेज में तौसीफ सफेद शर्ट और नीली जींस में सबसे आगे नजर आ रहा है। तौसीफ को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। तौसीफ के पिता हार्डवेयर दुकान चलाते हैं और मां शिक्षक है। उस पर पहले भी एक मामला दर्ज है।

हत्या

प्रतिष्ठित अस्पताल में दिनदहाड़ हुई थी चंदन की हत्या

17 जुलाई की सुबह पटना के प्रतिष्ठित पारस अस्पताल में 5 बदमाशों ने चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। चंदन को आजीवन कारावास की सजा हुई थी और वो पैरोल पर जेल से बाहर आया था। तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे अस्पताल के कमरा नंबर 209 में भर्ती थी, तभी 5 बदमाश फिल्मी स्टाइल में घुसे और चंदन की हत्या कर दी।

गैंगस्टर

कौन था चंदन मिश्रा?

चंदन मिश्रा बक्सर का रहने वाला था और बड़ा गैंगस्टर था। बक्सर में उसने शेरू के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया था। उसके ऊपर 10 से ज्यादा हत्या के आरोप हैं। उसे एक मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी और 12 सालों से जेल में था। बाद में चंदन का शेरू से विवाद हो गया और शेरू ने अलग गैंग बना ली। पुलिस ने बताया कि इसी गैंगवार में चंदन की हत्या हुई है।