LOADING...
ISI मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली में मंदिर-ढाबा, सैन्य शिविर और पुलिस थाना थे निशाने पर
दिल्ली की पूछताछ में पाकिस्तान के ISI मॉड्यूल का भंडाफोड़ (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ISI मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली में मंदिर-ढाबा, सैन्य शिविर और पुलिस थाना थे निशाने पर

लेखन गजेंद्र
May 08, 2026
02:02 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विस इंटेलिजेंस (ISI) दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई जगह हमले की योजना बना रही थी। यह खुलासा तब हुआ, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 कथित सदस्यों से पूछताछ की। आरोपियों को 'गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0' के तहत कई राज्यों से गिरफ्तार किया गया था। यह जानकारी ऐसे समय पर सामने आई, जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले को 22 अप्रैल को एक साल हुए हैं।

खुलासा

पाकिस्तान भेजी थी हमले वाली जगहों की तस्वीरें

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ कि गुर्गों ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत राजमार्ग पर स्थित एक लोकप्रिय ढाबे और हरियाणा के एक सैन्य शिविर पर हमले की योजना बनाई थी। उनके निशाने पर उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी थे। आरोपियों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी और परिसर की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित अपने सहयोगियों को भेजी थी।

योजना

आरोपियों को सौंपा गया था अलग-अलग काम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉड्यूल ने मंदिर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक कर्मियों को निशाना बनाने और दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी करने की योजना बनाई थी। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने हिसार में एक सैन्य शिविर का भी सर्वेक्षण किया और उस क्षेत्र के वीडियो सीमापार के संचालकों को भेजे। आरोपियों को लोकप्रिय मुरथल ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का भी काम मिला था, जहां रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। इससे बड़ा नुकसान होने की संभावना थी।

Advertisement