साइबर फ्रॉड का बढ़ता जाल: भारत ने गंवाए 55,000 करोड़ रुपये, पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे भी नहीं बचे
2020 से 2025 के बीच भारत को साइबर फ्रॉड में 55,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस नुकसान का 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा सिर्फ पिछले 2 सालों में ही हुआ है।
अधिकारियों को 2019 से 2025 के बीच 67 लाख से ज्यादा शिकायतें मिलीं, जिनमें से ज्यादातर हाल ही में दर्ज की गई हैं। इससे साफ पता चलता है कि साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है और अपराधी अब ज्यादा बेखौफ हो रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे नरेश गुजराल को 7.8 करोड़ का नुकसान
इस साल की शुरुआत में, पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल के बेटे नरेश गुजराल को एक ऑनलाइन धोखाधड़ी में करीब 7.8 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इस फ्रॉड में किसी ने ऑनलाइन उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया था। इसी साल दिल्ली में 2 बड़े मामले भी सामने आए, जिनमें कुल मिलाकर 21 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। यह दिखाता है कि ऐसे साइबर फ्रॉड लगातार चालाक होते जा रहे हैं और अब इनसे कोई भी सुरक्षित नहीं है।