LOADING...
SBI ने सालों बाद 2 सफाईकर्मियों को नौकरी से हटाया, अब देने होंगे 40 लाख रुपये
ओडिशा में भारतीय स्टेट बैंक को अपने 2 सफाईकर्मियों को 40 लाख का भुगतान करना होगा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

SBI ने सालों बाद 2 सफाईकर्मियों को नौकरी से हटाया, अब देने होंगे 40 लाख रुपये

लेखन गजेंद्र
Jun 26, 2026
03:20 pm

क्या है खबर?

ओडिशा की हाईकोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को अपने 2 सफाईकर्मियों को 20-20 लाख रुपये का भुगतान करने को कहा है। कोर्ट ने पाया कि सफाईकर्मियों ने 3 दशक तक बैंक में दिहाड़ी पर काम किया और बाद में उनको हटा दिया गया। कोर्ट ने SBI के 5 लाख रुपये के एकमुश्त निपटारे के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के युग में उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी।

विवाद

क्या है मामला?

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, यह मामला 1990 के दशक का है। मायाधर नायक और बैना नायक 1994-95 में दैनिक वेतनभोगी सफाईकर्मी के रूप में नियुक्त हुए थे। उन्होंने 1999 में हाई कोर्ट में याचिका दायर की कि उनको न तो नियमित किया जा रहा है और न ही न्यूनतम मजदूरी मिल रही है। कोर्ट ने उनकी नियुक्ति पर विचार करने को कहा। हालांकि, बैंक ने आदेश के बावजूद उन्हें कभी नियमित नहीं किया बल्कि जुलाई 2025 में छंटनी कर दी।

आदेश

कोर्ट ने क्या आदेश दिया?

न्यायाधीश कृष्णा एस दीक्षित और चित्तरंजन डैश की खंडपीठ ने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता घटती उम्र में नौकरी नहीं तलाश सकते और AI के जमाने में उन्हें नौकरी मिलना भी कठिन है। कोर्ट ने SBI को 5 लाख रुपये के एकमुश्त निपटारे के प्रस्ताव को खारिज कर कहा कि यह पेशकश ऐसे समय में बहुत कम है, जब "रोटी खून से भी महंगी है"। कोर्ट ने SBI को 8 सप्ताह में 40 लाख रुपये मुआवजा देने को कहा है।

Advertisement