NEET-UG लीक के बाद NTA का 'मास्टरप्लान', 3 नए जनरल मैनेजर पद बनाए
NEET-UG 2026 का पेपर लीक होने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब NTA ने 3 नए 'जनरल मैनेजर' पद बनाए हैं, ताकि परीक्षाओं को और बेहतर और सुरक्षित बनाया जा सके। ये पद 'टेस्ट सेंटर नेटवर्क और ऑपरेशंस', 'इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी', और 'विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक्स' से जुड़े होंगे। इनका मुख्य मकसद यह सुनिश्चित करना है कि हर छात्र के लिए परीक्षा देना सुरक्षित और निष्पक्ष हो।
GM परीक्षाओं और केंद्रों को सुरक्षित रखेंगे
जो जनरल मैनेजर विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक्स की जिम्मेदारी संभालेंगे, उनका मुख्य काम चीटिंग, पेपर लीक और छात्रों की जगह किसी और के परीक्षा देने जैसे फर्जीवाड़े को रोकना होगा। वे एक मॉडर्न डिजिटल फॉरेंसिक सिस्टम भी तैयार करेंगे और CBI तथा राज्य पुलिस जैसी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इन मामलों पर कार्रवाई करेंगे।
टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस के जनरल मैनेजर यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षाएं बिना किसी रुकावट के आराम से आयोजित हों। उनका ध्यान उन इलाकों में नए परीक्षा केंद्र खोलने पर भी होगा, जहां अभी इन सुविधाओं की कमी है।
इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी के जनरल मैनेजर, जिन्हें चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) के नाम से भी जाना जाएगा, एक 24/7 सिक्योरिटी हब बनाएंगे। उनकी जिम्मेदारी होगी कि सभी परीक्षा संबंधित डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहे और पूरा काम तय नियमों के अनुसार ही हो।