नोएडा: मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर धमकाकर बुजुर्ग दंपत्ति से 58 लाख की ठगी
नोएडा के सेक्टर 137 में एक बुजुर्ग दंपत्ति टेलीकॉम स्कैम का शिकार हुए हैं, जिसमें उन्हें 58 लाख रुपये का चूना लग गया। यह घटना 11 अगस्त को हुई, जब उन्हें एक शख्स का फोन आया जिसने खुद को टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताया। कॉल करने वाले ने उनकी पत्नी के आधार कार्ड और बैंक खाते को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले से जुड़ा बताया। बात यहीं नहीं रुकी, ठग ने व्हाट्सएप पर आकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया कि अगर उन्होंने उसकी बात नहीं मानी तो वे बड़ी मुश्किल में फंस जाएंगे।
साइबर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज किया
इस दबाव में आकर दंपत्ति ने कुल 7 बार में 58 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब ठग ने उनसे बात करना बंद कर दिया, तब जाकर उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने BNS और IT Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर क्राइम ब्रांच के स्टेशन हाउस ऑफिसर विजय राणा ने बताया, "बुधवार को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में इस संबंध में केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।"