Page Loader
नोएडा: स्मार्टफोन में आरोग्य सेतु ऐप रखना अनिवार्य, नहीं तो हो सकती है सजा

नोएडा: स्मार्टफोन में आरोग्य सेतु ऐप रखना अनिवार्य, नहीं तो हो सकती है सजा

May 05, 2020
01:07 pm

क्या है खबर?

भारत सरकार ने सभी सरकारी और निजी कर्मचारियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना जरूरी कर दिया है। सरकार ने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए इस ऐप को लॉन्च किया था। अब नोएडा पुलिस ने एक आदेश जारी कर इलाके के सभी निवासियों के लिए यह ऐप डाउनलोड करना जरूरी कर दिया है। जांच में अगर किसी व्यक्ति के स्मार्टफोन में यह ऐप नहीं पाई जाती है तो यह दंडनीय अपराध माना जाएगा। आइए, पूरी खबर जानते हैं।

जांच

सड़कों पर चल रहे लोगों के फोन होंगे चेक

नोएडा पुलिस ने कहा है कि वह सड़क चलते लोगों के स्मार्टफोन में यह ऐप चेक करेगी। अगर किसी के पास यह ऐप नहीं पाई जाएगी तो इसे लॉकडाउन का उल्लंघन समझा जाएगा। पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि अगर किसी व्यक्ति के पास स्मार्टफोन नहीं होगा तो उसके साथ क्या किया जाएगा। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कि ऐसे लोगों को फोन खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

फैसला

स्मार्टफोन में ऐप नहीं होगा दंडनीय

धारा 144 के तहत 17 मई तक के लिए जारी इस आदेश में अतिरिक्त DCP ने कहा है, "अगर किसी स्मार्टफोन यूजर के फोन में आरोग्य सेतु ऐप नहीं होगी तो यह लॉकडाउन का उल्लंघन माना जाएगा और यह दंडनीय होगा।" इस बारे में बात करते हुए ACP अखिलेश सिंह ने कहा कि सड़क पर चल रहे हर व्यक्ति का स्मार्टफोन चेक करना संभव नहीं होगा इसलिए किसी भी व्यक्ति को रोककर उसका स्मार्टफोन चेक किया जा सकता है।

जांच

इन जगहों पर चलेगा जांच अभियान

उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने सभी विभागों को प्राइवेट कंपनियों को आदेश दिया है कि वो अपने कर्मचारियों को ऐप डाउनलोड करने के लिए कहें। बहुत लोगों ने कर ली है, लेकिन कुछ लोग अभी भी बचे हुए हैं। उन्हें भी यह जल्दी कर लेनी चाहिए। हम DND हाइवे और चिल्ला आदि स्थानों पर जांच अभियान चलाएंगे। पुलिसकर्मी यह सुनिश्चित करेंगे कि हर व्यक्ति के फोन में आरोग्य सेतु ऐप हो।"

जानकारी

दोषी को हो सकती है छह महीने की सजा

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिन लोगों के फोन में आरोग्य सेतु ऐप नहीं होगी, उनके खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। इसमें दोषी को छह महीने तक की सजा हो सकती है।

आरोग्य सेतु

इन-इन जगहों पर अनिवार्य हो चुकी है ऐप

आरोग्य ऐप को लेकर केंद्र सरकार पहले ही आदेश जारी कर चुकी है। अब सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए यह ऐप डाउनलोड करना जरूरी है इसी तरह 15 अप्रैल को सेना ने अपने सभी जवानों को आवश्यक रूप से आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने के निर्देश जारी किए थे। इससे पहले सिक्किम सरकार ने गत 20 अप्रैल को राज्य में आने वाले हर व्यक्ति पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने की अनिवार्यता लागू की थी।

फैसला

नए स्मार्टफोन में पहले से आएगी आरोग्य सेतु

सरकार जल्द ही नए स्मार्टफोन के लिए आरोग्य सेतु को अनिवार्य कर सकती है। ऐसा होने के बाद किसी भी नए स्मार्टफोन को सेटअप कर इस्तेमाल करने से पहले यूजर को आरोग्य सेतु ऐप में रजिस्टर करना जरूरी हो जाएगी। कहा जा रहा है लॉकडाउन हटने के बाद बेचे जाने वाले सभी स्मार्टफोन में ऐसा करना अनिवार्य होगा। यानी स्मार्टफोन में पहले ही यह ऐप इंस्टॉल्ड होगी और इसकी रजिस्ट्रेशन प्रोसेस स्किप नहीं होगी।

ऐप

क्या है आरोग्य सेतु ऐप और कैसे करें इस्तेमाल?

आरोग्य सेतु को इस प्रकार से डिजाइन किया गया है कि यह यूजर को बता देती है कि वह किसी कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है नहीं। इसकी ट्रेकिंग ब्लूटूथ और लोकेशन जनरेटेड ग्राफ के जरिये की जाती है। इसके जरिये ही यह आपके संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या न आने की जानकारी देती है। ऐप और इसके इस्तेमाल के तरीके के बारे में विस्तार से जानने के लिए आप यहां टैप कर सकते हैं।