नोएडा: कम वेतन को लेकर कर्मचारियों का विरोध; बोले- 12 घंटे काम, वेतन केवल 13,000 रुपये
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स में निजी कर्मचारियों ने कम वेतन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हालात हिंसक हो गए, जहां गाड़ियों में आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं। कर्मचारियों का आरोप है कि उनका वेतन महंगाई के हिसाब से नहीं बढ़ रहा। एक महिला कर्मचारी ने कहा, "हम 12 घंटे काम करते हैं, लेकिन वेतन बहुत कम मिलता है।"
बयान
मिल रही सिर्फ 200-300 रुपये की वेतन वृद्धि
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि 8 घंटे के काम के लिए उन्हें कम से कम 20,000 रुपये वेतन मिलना चाहिए, लेकिन कंपनियां सिर्फ 200-300 रुपये की मामूली वेतन वृद्धि देती हैं। मंजू देवी नाम की महिला ने कहा, "मैं 13,000 रुपये महीना कमाती हूं और 12 घंटे काम करती हूं। इतने में चार बच्चों का खर्च कैसे चलाऊं?" एक अन्य महिला ने कहा, "गैस और किराया बढ़ रहा है, लेकिन हमारी सैलरी नहीं बढ़ रही।"
हालात
मुश्किल हालात में काम कर रहे कर्मचारी
18 वर्षीय सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि वह 13,000 रुपये कमाते हैं, जिसमें से 4,000 रुपये किराए में चला जाता है। उन्होंने कहा, "हमें एक घंटे में 70 पीस का टारगेट दिया जाता है, पूरा न करने पर अपमानित करते है। सालों से सिर्फ 320 रुपये की बढ़ोतरी मिली है और बीमार होने पर भी दबाव डाला जाता है।" एक अन्य कर्मचारी राहुल ने बताया कि वह 13,500 रुपये कमाते हैं और पिछले साल उनका वेतन केवल 39 रुपये बढ़ा।
बयान
हरियाणा में हालिया वेतन बढ़ोतरी से भड़का विरोध
नोएडा में विरोध प्रदर्शन को पड़ोसी राज्य हरियाणा में हाल ही में हुई 35 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी ने और हवा दी है। हाल ही में हरियाणा सरकार ने अकुशल से लेकर उच्च कुशल तक सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की है। हरियाणा में अब अकुशल कर्मचारियों को कम से कम 15,220 रुपये प्रति माह और अर्ध-कुशल कर्मचारियों को 16,780 रुपये प्रति माह मिलेंगे। इसके बाद से ही नोएडा में भी वेतन बढ़ोतरी की मांग होने लगी।
मामला
भारी पुलिस बल तैनात
यह विरोध प्रदर्शन कई दिनों से जारी है, लेकिन सोमवार को यह हिंसक हो गया, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के लिए बैठक भी की, जिसमें ओवरटाइम, बोनस और सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए गए। वहीं, प्रदर्शन के कारण दिल्ली-नोएडा DND फ्लाईवे पर लंबा जाम लग गया। चिल्ला बॉर्डर बंद होने से लोगों को घंटों ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा।