नोएडा में बुजुर्ग को 'साइबर सेल' का डर दिखाकर 85 लाख रुपये की ठगी
नोएडा में एक 84 साल के बुजुर्ग को साइबर ठगों ने 85 लाख रुपये का चूना लगा दिया। इन धोखेबाजों ने पहले खुद को साइबर सेल का अधिकारी बताया और उन्हें एक फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने बुजुर्ग को बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल मोबाइल फोन खरीदने के लिए हुआ है और अब उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग व बच्चों की तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। गिरफ्तारी की धमकी देकर ठगों ने बुजुर्ग को डराया और उनसे फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाकर तथा शेयर बेचकर बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।
1.24 करोड़ रुपये की मांग के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया
इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब ठगों ने उनसे और 1.24 करोड़ रुपये मांगे। इसके बाद बुजुर्ग को यह समझते देर नहीं लगी कि वह धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। उन्होंने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग (NCRP) पोर्टल पर इस पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अब धोखाधड़ी और पहचान छिपाने का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।