1.19 लाख स्कूलों में बिजली नहीं, लड़कियों के लिए शौचालय नहीं- नीति आयोग की रिपोर्ट
क्या है खबर?
देशभर के सरकारी स्कूलों की हालत कितनी खराब है, यह खुलासा नीति आयोग की रिपोर्ट में हुआ है। NDTV के मुताबिक, नीति आयोग की सरकारी स्कूल शिक्षा एवं अवसंरचना रिपोर्ट में बताया गया है कि देश में हजारों स्कूल ऐसे हैं, जहां शिक्षक और प्रयोगशाला तो छोड़िए, बिजली-पानी और शौचालय तक नहीं है। साथ ही, कई राज्यों में कक्षा 5 के बाद छात्रों की पढ़ाई छोड़ना बड़ी समस्या बना हुआ है।
शिक्षा
स्कूलों में बिजली और लड़कियों के लिए शौचालय नहीं
आयोग की "भारत में स्कूली शिक्षा प्रणाली" शीर्षक नाम की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 98,592 स्कूलों में लड़कियों के लिए कार्यात्मक शौचालय नहीं हैं, जबकि 61,540 स्कूलों में उपयोग योग्य शौचालय नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 साल में स्कूलों में बिजली की उपलब्धता 55 प्रतिशत से बढ़कर 91.9 प्रतिशत हुई है, लेकिन अभी भी 1.19 लाख स्कूलों में बिजली की सुविधा नहीं है। करीब 14,505 स्कूलों में पानी, 59,829 स्कूलों में हाथ धोने की सुविधा नहीं है।
रिपोर्ट
बिहार में शिक्षकों की अधिक कमी
रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 1.04 स्कूलों सिर्फ एक शिक्षक हैं। इनमें करीब 89 प्रतिशत स्कूल ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। बिहार में प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पद सबसे अधिक है। बिहार में 2,08,784, झारखंड में 80,341 और मध्य प्रदेश में 47,122 पद रिक्त हैं। अगर कक्षा 5 के बाद स्कूल छोड़ने की बात करें तो पश्चिम बंगाल में 20 प्रतिशत, अरुणाचल प्रदेश में 18.3 प्रतिशत, कर्नाटक में 18.3 प्रतिशत और असम में 17.5 प्रतिशत ड्रॉप-आउट दर है।