Page Loader
असम: समूह ने नेपाल की महिला पर्यटक को कैब से बाहर खींचा, उत्पीड़न और बदसलूकी की
असम में नेपाल की महिला पर्यटक के साथ बदसलूकी और उत्पीड़न

असम: समूह ने नेपाल की महिला पर्यटक को कैब से बाहर खींचा, उत्पीड़न और बदसलूकी की

लेखन गजेंद्र
Apr 05, 2024
11:00 am

क्या है खबर?

असम में नेपाल की महिला पर्यटक के उत्पीड़न और उसके साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। महिला ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर अपनी आपबीती बताई है। इंडिया टुडे के मुताबिक, महिला ने वीडियो में बताया कि लड़कों जैसे कपड़े पहने होने के कारण उसे 7 लड़कों के समूह ने परेशान किया, जिसमें एक महिला भी शामिल थी। समूह में शामिल महिला ने अन्य लोगों को उसके कपड़े फाड़ने की सलाह दी थी, ताकि उसकी पहचान हो सके।

उत्पीड़न

नेपाली महिला को कैब से बाहर खींचा

वीडियो में नेपाली महिला ने रोते हुए बताया कि 1 अप्रैल की शाम जब वह मारियानी में थी तो कुछ लोगों ने उसे कैब से बाहर खींच लिया। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों में से एक पत्रकार बॉबी चौधरी है। महिला ने कहा कि छोटे बालों वाली लड़की होने, रात में पड़ोस में टहलने और नागा जैसे लगने के कारण उन्हें मौखिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया। महिला के सिर पर भी चोट आई है।

व्यथा

पुलिसकर्मियों ने भी बनाया मजाक

महिला ने बताया कि जब वह अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने में गई तो पुलिसकर्मियों ने भी मजाक उड़ाया और कोर्ट जाने को कहा। महिला ने बताया कि आरोपियों के पुलिसकर्मियों के साथ अच्छे संबंध थे, इसलिए वह उनका पक्ष नहीं ले रहे थे। महिला ने बताया कि उन पर शारीरिक हमला किया गया और नस्लीय टिप्पणी की गई। उन्होंने अपनी शिकायत में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई लोगों को टैग किया है।