LOADING...
NEET-UG 2026: 'गेस पेपर' मामले में BAMS छात्र गिरफ्तार, 10 लाख रुपये में किया था सौदा
NEET-UG पेपर लीक मामले में 'गेस पेपर' खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

NEET-UG 2026: 'गेस पेपर' मामले में BAMS छात्र गिरफ्तार, 10 लाख रुपये में किया था सौदा

May 12, 2026
09:22 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नासिक पुलिस की अपराध शाखा को व्हाट्सऐप पर वायरल हुए 'गेस पेपर' के कारण लीक हुए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) UG 2026 के पेपर के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 'गेस पेपर' खरीदने के मामले में बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। पेपर के लीक होने के कारण राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को गत 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया।

आरोप

आरोपी ने 10 लाख रुपये में खरीदा था 'गेस पेपर'

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान शुभम खैरनार के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने 10 लाख रुपये में टेलीग्राम के माध्यम से 'गेस पेपर' खरीदा और फिर उसे हरियाणा स्थित एक खरीदार को बेच दिया। ANI के अनुसार, केंद्र सरकार की ओर से पेपर लीक की जांच सौंपे जाने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की 4 टीमें खैरनार को हिरासत में लेने के लिए नासिक पहुंच चुकी हैं।

संदेह

खैरनार की गिरफ्तारी से और उलझी गुत्थी

रिपोर्ट के अनुसार, खैरनार की गिरफ्तारी ने उस पूर्व सिद्धांत पर नए संदेह पैदा कर दिए हैं कि परीक्षा का पेपर सीधे नासिक की प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ था, क्योंकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि परीक्षा का पेपर वहां नहीं छपा था। CBI की टीम अब सबसे पहले 'गेस पेपर' के उद्गम स्थान का पता लगाएगी और उसके बाद इसे वायरल करने में शामिल लोगों तक पहुंचेगी। खैरनार की गिरफ्तारी से कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।

Advertisement

पृष्ठभूमि

क्या है 'गेस पेपर' का मामला?

NEET UG परीक्षा से पहले 150 पन्नों की PDF व्हाट्सऐप पर साझा की गई थी। इसे 'गेस पेपर' नाम दिया गया था। इसमें कुल 410 प्रश्न थे। PDF में शामिल प्रश्नों में से 140 प्रश्न मूल परीक्षा के प्रश्न पत्र से मिल रहे थे। इसका परीक्षार्थियों ने विरोध किया। इस पर NTA ने परीक्षा रद्द कर दी। बता दें यह परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी और इसमें 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

Advertisement