NEET पेपर लीक पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कहा- NEET को खत्म किया जाए
क्या है खबर?
पेपर लीक होने के बाद राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा रद्द की गई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 पर तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री थलापति विजय (सी जोसेफ विजय) का बयान आया है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब NEET के साथ समझौता किया गया है। ये राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बुनियादी कमियों का पक्का सबूत है। उन्होंने पूर्ववर्ती तमिलनाडु सरकारों की मांग दोहराते हुए कहा कि NEET को खत्म किया जाना चाहिए।
बयान
क्या बोले विजय?
विजय ने कहा, "NEET रद्द होने से देशभर के लाखों मेडिकल उम्मीदवारों की उम्मीद टूटी है। यह पहली बार नहीं, जब NEET से समझौता हुआ है। 2024 में, पेपर लीक हुआ था। तब 6 राज्यों में FIR और CBI को जांच मिली थीं।" विजय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्र ने ISRO के पूर्व चेयरमैन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की उच्च-स्तरीय समिति बनाई थी, जिन्होंने 95 सिफारिशें दीं, फिर भी पेपर लीक हुआ और परीक्षा रद्द हुई।
बयान
राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में ढेरों कमियों का सबूत- विजय
विजय ने आगे कहा कि पेपर लीक होना राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बुनियादी कमियों का पक्का सबूत है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार शुरू से NEET का विरोध कर रही है, क्योंकि इससे गांव, सरकारी स्कूलों, तमिल मीडियम बैकग्राउंड और सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के छात्रों को नुकसान हुआ है। उन्होंने NEET खत्म करने और राज्यों को 12वीं के अंकों के आधार पर MBBS, BDS, आयुष कोर्स की सीटें भरने देने की अनुमति देने की मांग की है।