कोरोना वायरस: देश में मामलों में वृद्धि जारी, बीते दिन मिले 1.79 लाख से अधिक संक्रमित
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,79,723 नए मामले सामने आए और 146 मरीजों की मौत दर्ज हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,57,07,727 हो गई है। इनमें से 4,83,936 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 7,23,619 हो गई है।
ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश में मामलों में ये उछाल देखने को मिल रहा है। देश में ओमिक्रॉन के अब तक 3,623 मामले सामने आ चुके हैं।
रिकवरी रेट औऱ टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 46,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 46,569 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,45,00,172 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.62 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 13,52,717 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 69.16 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 69,20,044 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,639 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 52,85,542 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 49,591 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 30,51,958 मामलों और 38,370 मौतों के साथ कर्नाटक और 28,00,286 मामलों और 36,855 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 44,388 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 12 मरीजों की मौत हुई। यहां ओमिक्रॉन वेरिएंट भी तेजी से अपने पैर पसार रहा है।
इसी तरह केरल में 6,238 लोगों को संक्रमित पाया गया और 44 मरीजों की मौत हुई।
कर्नाटक में 12,000 मामले सामने आए और चार मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 12,895 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 12 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,51,94,05,951 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 29,60,975 खुराकें लगाई गईं। देश में आज से स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन कर्मचारियों और बुजुर्गों को बूस्टर खुराक लगना शुरू हो गया है।
वैश्विक स्थिति
अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 6 करोड़ पार
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 30.69 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 54.88 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में छह करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.38 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.25 करोड़ संक्रमितों में से 6.20 लाख मरीजों की मौत हुई है।