Page Loader
भारतीय नौसेना को अरब सागर में मिली बड़ी सफलता, 3,000 करोड़ कीमत की ड्रग्स पकड़ी

भारतीय नौसेना को अरब सागर में मिली बड़ी सफलता, 3,000 करोड़ कीमत की ड्रग्स पकड़ी

Apr 19, 2021
06:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय नौसेना को समुद्र के जरिए होने वाली तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। नौसेना ने अरब सागर में गश्त के दौरान एक मछली पकड़ने वाले जहाज से 300 किलो अवैध ड्रग्स बरामद की है। बरामद ड्रग्स की बाजार कीमत करीब 3,000 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई को नौसेना के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। दक्षिणी नौसेना कमांड (SNC) ने एक आधिकारिक बयान के जारी करते हुए इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

कार्रवाई

INS सुवर्णा ने दिया कार्रवाई को अंजाम

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार SNC की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय नौसेना का जहाज सुवर्णा अरब सागर में निगरानी गश्त पर था। इस दौरान उस पर तैनात नौसैनिकों को एक मछली पड़ने वाला संदिग्ध जहाज दिखाई दिया। इसके बाद नौसैनिकों ने उस जहाज को रोकर उस पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस अभियान में नौसैनिकों ने उस जहाज पर करीब 300 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ की जब्ती की।

पूछताछ

जहाज के चालक दल से कोच्चि बंदरगाह पर की जा रही है पूछताछ

SNC ने कहा कि जहाज को चालक दल के साथ जांच के लिए केरल के निकटतम भारतीय बंदरगाह कोच्चि पर ले जाया गया है। पकड़े गए मादक पदार्थ की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित 3,000 करोड़ रुपए है। SNC ने कहा कि यह कार्रवाई न केवल मादक पदार्थ की मात्रा बल्कि अवैध तस्करी मार्गों को रोकने के दृष्टिकोण से भी एक प्रमुख कदम है। अरब सागर में तस्करी मकरन तट से भारतीय, मालदीव और श्रीलंका के रास्ते की जाती है।

पुनरावृत्ति

गुजरात तट पर आठ पाकिस्तानी नागरिकों से बरामद हुई थी 30 किलो हेरोइन

इससे पहले 15 अप्रैल को अरब सागर में गुजरात तट पर एक नौका से आठ पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा गया था और उनके पास से 30 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। गुजरात ATS के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर गुजरात भ्रष्टाचार रोधी दस्ते और भारतीय तटरक्षक बल की संयुक्त टीम ने कच्छ जिले के जखाऊ बंदरगाह के समीप चलाए अभियान में नौका को पकड़ा था। यह स्थान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के समीप स्थित है।

कीमत

150 करोड़ थी पकड़ी गई हेरोइन की कीमत

ATS ने बताया गया था कि देवभूमि-द्वारका जिला पुलिस के विशेष अभियान समूह ने एजेंसियों से पाकिस्तानी नौका में मादक पदार्थ रखे होने की खुफिया सूचना साझा की थी। इसके बाद ATS और तटरक्षक बल की संयुक्त टीम ने नौका से आठ पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा और उनके पास से 30 किलो हेराइन बरामद की थी। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 150 करोड़ रुपए है। यह भी बड़ी सफलता थी।