मुंबई पुलिस ने किया 1,000 करोड़ रुपये की केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
मुंबई पुलिस ने एक बड़े केबल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पिछले 6 महीनों से 40 गिरोह शहरभर में महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL) की जमीन के नीचे बिछी पुरानी केबलें खोदकर निकाल रहे थे। उन्होंने लगभग 1,000 करोड़ रुपये की केबलों की चोरी की है। चुराया गया तांबा ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। पुलिस का कहना है कि अभी भी कई और केबलें इन चोरों के निशाने पर हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में MTNL क्लर्क विनोद यादव शामिल
इस मामले में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 30 जून को बोरिवली में छापेमारी के दौरान पकड़े गए चार लोग भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में MTNL के कांदिवली कार्यालय में तैनात 54 साल के क्लर्क विनोद यादव भी हैं। पुलिस को शक है कि वही इन गिरोहों को केबल चोरी करने का रास्ता दिखा रहा था। चोरों के गिरोह MTNL कर्मचारियों का रूप धरने के लिए रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनते थे। वे सरकारी जैसे बोर्ड लगाते थे और JCB जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल करके सबकी आंखों के सामने से केबलें निकाल लेते थे।