रक्षा मंत्रालय का बड़ा कदम: छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान की रेस में भारत की एंट्री, AMCA पर भी बड़ा अपडेट
भारत अब छठी पीढ़ी के फाइटर जेट तैयार करने के वैश्विक अभियान में शामिल होने की तैयारी कर रहा है। रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में संसद की रक्षा संबंधी स्थायी समिति को बताया है कि वे कुछ अंतरराष्ट्रीय साझेदारों जैसे UK-इटली-जापान समूह या फ्रांस-जर्मनी टीम) के साथ मिलकर भारत की भागीदारी सुनिश्चित करने पर काम कर रहे हैं, ताकि देश को ये अत्याधुनिक लड़ाकू विमान मिल सकें।
रक्षा पैनल ने AMCA की समय सीमा पूछी
भारतीय वायुसेना भी इन्हीं समूहों में से किसी एक का हिस्सा बनकर अपनी हवाई युद्ध क्षमता को और मजबूत करना चाहती है, ताकि वह नई तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके।
इसके साथ ही, भारत का अपना एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका डिजाइन तैयार हो चुका है और अब इसके निर्माण को लेकर बातचीत चल रही है।
रक्षा संबंधी स्थायी समिति ने अब AMCA के लिए एक संभावित समय-सीमा और उसकी अब तक की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। समिति का मानना है कि देश के आसमान को सुरक्षित रखने के लिए ये अपग्रेड बहुत जरूरी हैं।