शिलांग में KSU के हिंसक प्रदर्शन से 31 वाहन खाक, हाई कोर्ट ने दिए शांति स्थापित करने के आदेश
मेघालय में खासी स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) की बाइक रैली के दौरान शिलांग में काफी हंगामा देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने कुल 31 गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया, जिनमें से एक को तो आग ही लगा दी गई। इतना ही नहीं, उन्होंने दार्शनिक स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का कांच का पैनल भी तोड़ दिया। इस घटना पर मेघालय हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया और राज्य सरकार को शांति बहाल करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने सरकार से 24 अगस्त तक इस मामले पर रिपोर्ट भी मांगी है। हालात को काबू में रखने और शांति बनाए रखने के लिए 4 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कंपनियों और एक RAF कंपनी को 25 अगस्त तक तैनात करने की मंजूरी दे दी गई है।
न्यायिक हिरासत में लिए गए KSU के शीर्ष नेता
हिंसा में कथित भूमिका के चलते KSU के 3 बड़े नेताओं को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया है। प्रशासन ने शिलांग में KSU के प्रस्तावित आंदोलन की इजाजत फिलहाल रद्द कर दी है। वहीं, जियाव स्थित KSU दफ्तर पर हुई छापेमारी के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंके जाने को लेकर एक FIR भी दर्ज की गई है।