Page Loader
मणिपुर: इंफाल में उग्रवादियों की गोलीबारी में सेना का जवान घायल, कई घरों को आग लगाई
मणिपुर में हुई गोलीबारी में सेना का जवान घायल (तस्वीर: ट्विटर/@LicypriyaK)

मणिपुर: इंफाल में उग्रवादियों की गोलीबारी में सेना का जवान घायल, कई घरों को आग लगाई

लेखन गजेंद्र
Jun 19, 2023
12:37 pm

क्या है खबर?

मणिपुर में जातीय हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही। रविवार देर रात पश्चिमी इंफाल के कांटो साबल और चिंगमांग गांव में उग्रवादियों ने अचानक गोलीबारी कर दी, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुकी उग्रवादियों ने कई घरों में आग लगाई और जवानों पर हमला किया। हालात देखते हुए यहां भारी संख्या में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। घायल जवान को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर है।

हिंसा

एक दिन पहले ही सेना ने किया था फ्लैग मार्च

सेना ने एक दिन पहले ही इंफाल घाटी में फ्लैग मार्च किया था। यहां 18 जून से कर्फ्यू में ढील देने का विचार था, लेकिन अभी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, उग्रवादियों ने अकारण ही गोलीबारी, वाहनों में तोड़फोड़ और मकानों में आग लगाना शुरू कर दिया। सेना ने इलाके में ग्रामीणों की उपस्थिति को देखते हुए नियंत्रित गोलीबारी की। 3 मई से जारी हिंसा में अब तक 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।