वृंदावन के प्रेमानन्द महाराज आश्रम में बड़ा हादसा, शिष्य की चौथी मंजिल से गिरकर मौत
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के वृंदावन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रसिद्ध संत प्रेमानन्द महाराज के आश्रम (गुरु कृपा कुंज) की चौथी मंजिल से गिरकर एक शिष्य की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि आश्रम के लोग उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके की स्थिति को देखकर आत्महत्या की आशंका जताई है।
घटना
कैसे हुई यह पूरी घटना?
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दीपक लोधी (उर्फ रसिक दुलारी शरण) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे।
वे केली कुंज से जुड़े गुरु कृपा कुंज आश्रम में रह रहे थे। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
चौथी मंजिल से गिरने के कारण लोधी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई है।
कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मथुरा पुलिस को शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि सर्वोदय अस्पताल में एक घायल व्यक्ति को भर्ती कराया गया है, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
इस संबंध में प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।