महाराष्ट्र के ठाणे में सीमेंट मिक्सर और वैन की टक्कर, 11 की मौत
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक वैन और सीमेंट मिक्स करने वाले वाहन की आपस में टक्कर हो गई। हादसा कल्याण और मुरबाड मार्ग के बीच गोविली गांव में रैता पुल पर हुआ है। हादसे में करीब 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि 2 लोग घायल हैं। हादसा इतना जोरदार था कि काली-पीली टैक्सी के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद कई लोग वैन के अंदर ही फंसे थे।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस ने बताया कि घटना के समय वैन में 12 यात्री सवार थे, जो कल्याण से मुरबाड की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन रैता पुल पर पहुंचा, दूसरी तरफ से आ रहे सीमेंट मिक्सर वाहन से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने पर लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। मृतकों में 3 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं।
जांच
वैन चालक ने मानक से अधिक बैठाई थी सवारी और पुल भी अधूरा
ETV भारत ने राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक के हवाले से बताया कि वैन चालक को सिर्फ 6 यात्रियों को ले जाने की अनुमति थी, लेकिन वह 12 लोगों को बैठाए था, जिससे उनकी जान से खिलवाड़ किया गया। बताया जा रहा है कि जिस रैता पुल पर हादसा हुआ है, उस पुल का अभी तक आधिकारिक तौर पर उद्घाटन भी नहीं हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।