मुंबई के पास भिवंडी में 4 मंजिला आवासीय इमारत का हिस्सा ढहा, 8 की दबकर मौत
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में गुरुवार देर रात 4 मंजिला आवासीय इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें दबकर 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा भिवंडी के बालाजी नगर गंगारामवाड़ी इलाके में स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट में हुआ है। हादसे की सूचना पाकर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), ठाणे आपदा प्रतिक्रिया बल (TDRF) और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।। अभी भी मलबे में 6 मजदूर और 5 निवासियों के फंसे होने की आशंका है।
हादसा
नगर निगम ने इमारत को खतरनाक बताया था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भिवंडी निज़ामपुर नगर निगम ने पहले ही इमारत को खतरनाक घोषित कर दिया था, जिसके बाद इसमें मरम्मत कार्य चल रहा था।
बताया जा रहा है कि इमारत के गिरने के समय मरम्मत कार्य में लगे मजदूर इमारत के अंदर ही थे। तभी अचानक बी-विंग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।
इमारत गिरने का सटीक कारण अभी पता नहीं चला है। मामले की जांच की जा रही है।
नोटिस
लोगों को इमारत खाली करने का दिया गया था नोटिस
फ्री प्रेस जनरल के मुताबिक, इमारत को 22 अप्रैल को नोटिस जारी किया गया था, ताकि बड़ी मरम्मत शुरू करने से पहले संरचना को खाली किया जा सके।
भाजपा विधायक महेश चौघुले ने बताया कि इमारत को संरचनात्मक रूप से असुरक्षित घोषित करने के बाद निगम ने निवासियों को 4-5 नोटिस जारी किए थे।
इसके बाद अधिकतर परिवारों ने इमारत छोड़ दी थी, जबकि कुछ वहीं रह रहे थे। 3 महीने बाद भी इमारत खाली नहीं करवाई गई।
खतरा
रात 9 बजे चटकने की आवाज सुनकर कई बाहर आए
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, इमारत में रहने वाले निवासियों ने रात 8 बजे से 9 बजे के बीच इमारत से तेज चटकने की आवाजें सुनीं, जिसके बाद खतरे को भांपते हुए कई लोग इमारत से बाहर आ गए।
तभी रात 11 बजे से 11:30 बजे के बीच इमारत का हिस्सा ढह गया। इस दौरान कुछ निवासी और कर्मचारी अंदर ही थे, जो फंसे रह गए।
इस 4 मंजिला इमारत में 48 कमरे थे, जिनमें प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे।
ट्विटर पोस्ट
भिवंडी में आवासीय इमारत गिरी
#WATCH भिवंडी, महाराष्ट्र: भिवंडी में चार मंज़िला इमारत का कुछ हिस्सा ढहने के बाद इमरजेंसी रेस्क्यू टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी हैं। pic.twitter.com/8mgnjoFB2F
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 31, 2026