LOADING...
बर्खास्त IAS पूजा खेडकर के माता-पिता फरार, पिता पर ट्रक चालक के अपहरण का आरोप
बर्खास्त IAS पूजा खेडकर की मां और पिता पर ट्रक चालक के अपहरण का आरोप

बर्खास्त IAS पूजा खेडकर के माता-पिता फरार, पिता पर ट्रक चालक के अपहरण का आरोप

लेखन गजेंद्र
Sep 16, 2025
10:24 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में ट्रक चालक को बंधक बनाने के मामले में बर्खास्त IAS पूजा खेडकर की मां मनोरमा और पिता दिलीप राव खेडकर की मुसीबत बढ़ती जा रही है। नवी मुंबई पुलिस ने दिलीप के खिलाफ ट्रक चालक के अपहरण का मामला दर्ज किया है, जबकि मां पर पुलिस को रोकने और उनके ऊपर कुत्ते छोड़ने का आरोप है। दोनों फिलहाल फरार हैं। पुलिस अधिकारियों को उनकी तलाश के लिए लगाया गया है और सख्त कार्रवाई को कहा है।

अपहरण

पूजा के पिता ने किया था चालक का अपहरण

पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को नवी मुंबई के पास एक ट्रक चालक ने कथित तौर पर दिलीप की लैंड क्रूजर को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उनकी बहस होने लगी। इस बीच दिलीप के अंगरक्षक प्रफुल्ल सालुंखे ने चालक प्रल्हाद कुमार को पुलिस स्टेशन ले जाने के बहाने अगवा कर लिया और उसे 150 किलोमीटर दूर पुणे में मनोरमा के बंगले पर बंधक बना लिया। वाहन के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

आरोप

पुलिस के ऊपर छोड़े कुत्ते

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुणे और नवी मुंबई पुलिस की टीम ने जांच के दौरान लैंड क्रूजर को पुणे में पाया और मनोरमा के बंगले पर पहुंची। यहां पहले तो मनोरमा ने दोनों आरोपियों को 3 बजे तक पुलिस थाने लाने की बात कही, लेकिन वे थाने नहीं पहुंची और फोन पर पुलिस को टरका दिया। इसके बाद पुलिस जब उनके घर पहुंची तो लैंड क्रूजर गायब थी और मनोरमा ने पुलिसकर्मियों के लिए खूंखार कुत्ते खोल रखे थे।

फरार

कार और अंगरक्षक के साथ दंपति फरार

पुलिस ने बताया कि वे किसी तरह घर का गेट फांदकर अंदर पहुंचे तो बंगले पर कोई नहीं था। कार भी गायब थी और मनोरमा भी नहीं थीं। बंगले पर केवल एक देखभाल करने वाला कर्मचारी था। फिलहाल पुलिस ने बंगले में बंधक ट्रक चालक कुमार को छुड़ा लिया और अपने साथ ले आई। पुलिस ने अंगरक्षक और खेडकर दंपति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

ट्विटर पोस्ट

गेट फांदकर अंदर पहुंची टीम