
महाराष्ट्र: पुणे में ऑनलाइन गेम खेलने के बाद किशोर ने 14वीं मंजिल से कूदकर जान दी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के पुणे में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय किशोर ने ऑनलाइन गेम खेलने के बाद घर की 14वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
घटना 26 जुलाई की रात पिंपरी चिंचवड़ के किवले इलाके में हुई है। मृतक बच्चे का नाम उमेश श्रीराव है। पुलिस ने बताया कि उमेश ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था।
पुलिस को उमेश के कमरे से सुसाइड नोड भी मिला है, जिसमें "लॉग ऑफ" लिखा है।
आत्महत्या
6 महीने से ऑनलाइन गेम खेल रहा था
उमेश कक्षा 10 का छात्र था। वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ अपार्टमेंट में रह रहा था। उमेश के पिता नाइजीरिया में नौकरी करते हैं, जबकि मां इंजीनियर हैं।
मां ने पुलिस को बताया कि उमेश पिछले 6 महीने से किसी ऑनलाइन गेम को खेल रहा था और इस दौरान उसके व्यवहार में काफी बदलाव हुआ था। वह चिड़चिड़ा और आक्रामक हो गया था।
वह अक्सर अपने कमरे में बंद रहकर खुद से बातें करता था।
जांच
लैपटॉप में लगे पैरेंटेल लॉक को भी खोला
उमेश के पिता ने पुलिस को बताया कि घर के लैपटॉप में पैरेंटल लॉक लगा था, जिसे किसी तरह उमेश ने खोल लिया था। वह पढ़ाई में काफी अच्छा था। उसने काफी चीजें लैपटॉप में छिपाई हुई थी और हिस्ट्री मिटा देता था।
पुलिस ने बताया कि लैपटॉप में पासवर्ड की वजह से वह ऑनलाइन गेम का पता नहीं लगा सके हैं। मामले में साइबर विशेषज्ञों की मदद ली गई है।
उमेश के कमरे से कई नक्शे मिले हैं।
लत
'ब्लू व्हेल गेम' जैसा तो नहीं गेम
पुणे में छात्र की मौत के बाद यह घटना ब्लू व्हेल गेम जैसे ऑनलाइन गेम की ओर इशारा कर रही है, जिसमें किशोरों को 50 दिन का टास्क दिया जाता था और अंतिम टास्क आत्महत्या करना होता था।
यह गेम कथित तौर पर रूस का था। इसमें पहली घटना 2017 में मुंबई में सामने आई थी, जब 14 साल के बच्चे ने 7वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दी थी।
इसके बाद इसे भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया था।
जानकारी
यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।