पुणे: समुद्री इंजीनियरिंग संस्थान में कसरत करते समय छात्र के ऊपर गिरा बास्केटबॉल का खंभा, मौत
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के पुणे में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक निजी समुद्री इंजीनियरिंग संस्थान में कसरत करते समय एक छात्र के ऊपर बॉस्केटबॉल का खंभा गिर गया। हादसा मावल के इंदुरी में स्थित तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट में हुआ है। छात्र की मौत हो गई है। उसकी पहचान 20 वर्षीय विशाल वर्मा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी थे। विशाल इंजीनियरिंग संस्थान में द्वितीय वर्ष के छात्र थे।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विशाल रविवार तड़के व्यायाम करने के लिए परिसर में थे। तभी वह पुल-अप्स करने के लिए बास्केटबॉल कोर्ट में पहुंचे और बोर्ड को पकड़कर लटकने लगे। इस बीच बास्केटबॉल का ढांचा टूटकर गिर गया और विशाल के गर्दन में बुरी तरह चोट लग गई। उन्हें तलेगांव इलाके के पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनके गर्दन में फ्रैक्चर हुआ था।
हादसा
एंबुलेंस भी देर से पहुंची
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि हादसे के बाद एंबुलेंस देर से पहुंची थी, जिससे विशाल को बचाया नहीं जा सका। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वह कॉलेज में हुई लापरवाही की जांच कर रहे हैं। तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. संजीत कानूनगो ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि वह इस घटना की जांच करेंगे। छात्र के माता-पिता को सूचना दे दी गई है।
जांच
हरियाणा में भी हो चुका है ऐसा हादसा
पिछले साल हरियाणा के रोहतक और बहादुरगढ़ में भी ऐसा मामला सामने आया है। रोहतक में एक 16 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी कोर्ट में अभ्यास कर रहे थे। तभी खंभे का हुप पकड़ने पर वह नीचे आ गया था, जिसमें दबकर उनकी मौत हो गई थी। बहादुरगढ़ में 15 वर्षीय अमन की सरकारी स्कूल परिसर में स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में खंभा गिरने से मौत हो गई थी।