LOADING...
महाराष्ट्र के जलगांव में तेज रफ्तार कार बस और बाइक से टकराई, 6 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के जलगांव में तेज रफ्तार कार बस और बाइक से टकराई

महाराष्ट्र के जलगांव में तेज रफ्तार कार बस और बाइक से टकराई, 6 लोगों की मौत

लेखन गजेंद्र
Jun 09, 2026
02:14 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां के अमलनेर तालुका में तेज रफ्तार कार की महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बस और बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार समेत 6 लोगों की मौत हुई है, जिसमें कार सवार 4 लोग गुजरात के निवासी थे। टक्कर की आवाज सुनकर पास के मंगरुल गांव के लोग वहां पहुंच गए और आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले लोगों को बचाने की कोशिश की।

हादसा

बाइक चकनाचूर, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचका

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे धुले से अमलनेर की जा रही एक तेज रफ्तार कार अपना नियंत्रण खो बैठी और दूसरी दिशा से आ रही महाराष्ट्र परिवहन निगम की बस से टकरा गई। घटना के समय अमलनेर-धुले राजमार्ग पर एक बाइक सवार भी आ रहा था, जो दोनों वाहनों की टक्कर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल चकनाचूर हो गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

हादसा

सगाई में शामिल होने जा रहा था कार सवार परिवार

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कार में सवार परिवार गुजरात के तापी जिले के व्यारा कस्बे के रहने वाले थे, जो एक पारिवारिक सगाई समारोह में शामिल होने अमलनेर जा रहे थे। कार सवार मृतकों की पहचान नंदलाल महाजन, अनीता महाजन, सुरेश महाजन और निर्मला महाजन के रूप में हुई है। कार चाक आदित्य महाजन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। बाइक सवार मृतक नीलेश तावड़े और पीछे बैठे फाल्गुनी भोई हैं। बस यात्री दीपक दिलीप पाटिल घायल हैं।

Advertisement