
महाराष्ट्र: सांगली में परिवार की 2 महिलाओं के शव मिले, 2 पुरुषों की हालत गंभीर
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के सांगली जिले के एक गांव में शुक्रवार सुबह सामूहिक आत्महत्या का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। इसमें एक ही परिवार की 2 महिलाएं मृत मिली हैं, जबकि 2 पुरषों की हालत गंभीर है। हालांकि, परिवार के 2 छोटे बच्चे सुरक्षित पाए गए हैं। पुलिस ने महिलाओं के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए पुरुषों के होश में आने का इंतजार कर रही है।
घटना
कैसे घटी यह घटना?
पुलिस ने बताया कि मृतकों में नांगोले गाव निवासी रमेजा पत्नी अलाउद्दीन पाटिल (45) और काजल पत्नी समीर पाटिल (30) शामिल हैं। इसी तरह अलाउद्दीन और समीर गंभीर रूप से बीमार हैं। पुलिस ने बताया कि घर की एक बुज़ुर्ग महिला ने चारों को बेहोशी की हालत में देखकर पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों ने पहुंचकर चारों को बेहोश पाया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
आशंका
पुलिस ने जताई सामूहिक आत्महत्या की आशंका
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सुनील सालुंखे और पुलिस निरीक्षक ज्योतिराम पाटिल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में 4 गिलास, एक चाकू, कटे हुए नींबू और एक पशु विष रसायन की बोतल मिली है। इससे आशंका लगाई जा रही है कि चारों ने विषाक्त का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया है। DSP ने बताया कि समीर पाटिल के दोनों बच्चे सुरक्षित पाए गए। महिलाओं की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
जानकारी
यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क कर सकते हैं। यहां से आपको अपेक्षित मदद मिल सकेगी।