LOADING...
अजित पवार के विमान हादसे के 3 महीने बाद बारामती में एक और प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त
बारामती में एक और प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त

अजित पवार के विमान हादसे के 3 महीने बाद बारामती में एक और प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त

लेखन गजेंद्र
May 13, 2026
09:55 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के बारामती में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे के 3 महीने बाद बुधवार को एक और विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर आई है। बताया जा रहा है कि बुधवार को बारामती के गोजुबावी गांव में 2 सीटों वाला एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सिर्फ एक पायलट ही सवार था, जो सुरक्षित बताया जा रहा है। विमान कंपनी के अधिकारी, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर है। विमान में आग नहीं लगी।

हादसा

इंजन फेल होने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग

बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे प्रशिक्षु पायलट श्रीपाल अकेले 2 सीट वाले रेडबर्ड एयरवेज का विमान उड़ा रहा था, तभी उसे विमान में खराबी का अहसास हुआ। उसने विमान को आबादी वाले इलाके से दूर निकाला, तभी उसका इंजन फेल हो गया और इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान खाली जमीन पर गिर पड़ा। पायलट पूरी तरह सुरक्षित है। विमान में आग न लगने से वह बाल-बाल बच गया। हादसा उसी गांव में हुआ, जहां अजित का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

जांच

अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे रेडबर्ड के विमान

सकाल के मुताबिक, बारामती में पायलट प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने के बाद से, रेडबर्ड कंपनी के विमान विभिन्न कारणों से अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इससे पहले सितंबर 2021 में 2 हादसे हुए थे और अक्टूबर 2023 में 4 दिनों के अंतराल पर और फिर अगस्त 2025 में कुल 4 हादसे हुए थे। इससे पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस कंपनी के उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया था।

Advertisement

हादसा

28 जनवरी को हुई थी अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत

अजित पवार 28 जनवरी को बारामती में पुणे जिला परिषद के चुनाव के सिलसिले में बुधवार को पार्टी की बैठक करने मुंबई से पहुंचे थे। तभी सुबह 8:45 बजे बारामती हवाई अड्डे पर समतल रनवे के किनारे से महज 200 मीटर की दूरी पर उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें धमाके के साथ आग लग गई। हादसे में विमान में अजित के साथ एक सुरक्षाकर्मी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और 2 पायलट सवार थे, जिनकी मौत हो गई।

Advertisement