महाराष्ट्र ATS ने जैश से जुड़े संदिग्ध को गिरफ्तार किया, मोबाइल से मिली भड़काऊ सामग्री
क्या है खबर?
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने मुंबई के माहिम इलाके से एक 33 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वो प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है। आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। उसे महाराष्ट्र ATS की कालाचौकी यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा है। आरोपी रैपिडो चालक के तौर पर काम कर रहा था।
रिपोर्ट
टेलीग्राम पर मसूद अजहर का भाषण शेयर किया
रिपोर्ट के मुताबिक, ATS ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर रैपिडो राइडर के रूप में काम करता था और इत्र बेचता था।
साथ ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल कट्टरपंथी सामग्री फैलाने के लिए करता था।
एजेंसी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में था। ये भी पता चला कि वो टेलीग्राम ग्रुप चलाता था, जिस पर उसने जैश प्रमुख मसूद अजहर के भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे।
मोबाइल
कथित नेटवर्क की जांच कर रही ATS
ATS को हसन द्वारा कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक टिप्पणी भी मिली, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुंबई यात्रा के दौरान हुई सुरक्षा चूक से संबंधित रिपोर्ट पर आधारित थी।
एजेंसी के अनुसार, आरोपी के मोबाइल में कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी सामग्री थी।
ATS अब उसके कथित नेटवर्क की जांच कर रही है और उन अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है जो इस मामले से जुड़े हो सकते हैं।