LOADING...
महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में मुठभेड़ में 7 माओवादी ढेर, 71 लाख रुपये का था इनाम
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मुठभेड़ में 7 माओवादी ढेर हुए हैं

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में मुठभेड़ में 7 माओवादी ढेर, 71 लाख रुपये का था इनाम

Feb 07, 2026
10:12 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साझा अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। तीन दिन और तीन रात तक चले इस सघन ऑपरेशन के दौरान हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने 7 माओवादियों को मार गिराया है। मारे गए माओवादियों में गढ़चिरौली विभागीय समिति का प्रभारी और पश्चिम सब-जोनल ब्यूरो का कमांडर प्रभाकर उर्फ लोकेती चंद्र राव भी शामिल है। इन सभी पर कुल 71 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

इनाम

प्रभाकर पर था 25 लाख रुपये का इनाम

अधिकारियों ने बताया कि तेलंगाना के कामारेड्डी निवासी प्रभाकर माओवादियों की 'कंपनी नंबर 10' का नेतृत्व कर रहा था। सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने मौके से 3 AK-47 राइफलें और एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (SLR) बरामद की हैं। मारे गए 7 नक्सलियों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 1 PPCM, और 2 ACM स्तर के वरिष्ठ माओवादी शामिल हैं। इन 6 पर 46 लाख रुपये का इनाम था।

ऑपरेशन

जंगल में 72 घंटे चला ऑपरेशन

अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन मंगलवार को खुफिया एजेंसियों को फोडेवाड़ा गांव (गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा) के पास नक्सलियों के छिपे होने की खबर मिलने के बाद शुरू हुआ था। भामरागढ़ के SDPO के नेतृत्व में C-60 की 14 टुकड़ियों और CRPF की QAT टीम ने जंगल को घेर लिया। इसके बाद बुधवार को जवानों ने 2 नक्सली कैंप उड़ा दिए। गुरुवार रात को 3 शव बरामद हुए और शुक्रवार को 4 और शव बरामद किए गए।

Advertisement

शहीद

मुठभेड़ में एक जवान भी हुआ शहीद

इस ऑपरेशन में C-60 कमांडो यूनिट के 38 वर्षीय जवान दीपक चिन्ना मदावी शहीद हो गए। पहली मुठभेड़ में दीपक बुरी तरह घायल हो गए थे। उन्हें एयरलिफ्ट करके भामरागढ़ लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार को उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुठभेड़ में एक अन्य जवान जोगा मदावी भी घायल हुए हैं, लेकिन वह अभी खतरे से बाहर हैं।

Advertisement