मध्य प्रदेश: धार में टायर फटने से पिकअप वाहन पलटा, 6 बच्चों समेत 16 की मौत
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक 6 बच्चों समेत 16 लोगों की मौत हुई है। हादसा तिरला थाना क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चिकलिया फाटा के पास हुआ है। घटना के समय पिकअप वाहन की गति 100 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई जा रही है। हादसे में 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना
टायर फटने के बाद डिवाइडर से टकराया पिकअप
पुलिस ने बताया कि पिकअप वाहन 46 मजदूरों को लेकर धार से मांगूद आ रहा था। तभी उसका टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर 3 से 4 पलटा खाया। इसके बाद वह राजमार्ग के दूसरी तरफ चला गया, जहां पिकअप मांगूद से धार आ रही स्कॉर्पियो से भी टकरा गया और पलट गया। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और करीब 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में 8 महिलाएं शामिल हैं।
काल
रफ्तार बना काल, स्कॉर्पियो के भी परखच्चे उड़े
पुलिस का कहना है कि घटना के समय पिकअप वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जो करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इसकी वजह वाहन चालक टायर फटने के बाद वाहन को संभाल नहीं पाया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस स्कॉर्पियो से पिकअप टकराया है, उसके भी परखच्चे उड़ गए हैं। वह सड़क के दूसरी तरफ से आ रहा था। उसमें भी यात्री सवार थे।
मुआवजा
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे को हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का उपचार निशुल्क करने का आदेश है।