उज्जैन में सड़क पर बैठी गायों को कुचलने पर ग्रामीण बौखलाए, विधायक की बस फूंकी
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क पर बैठी गायों को कुचलने पर ग्रामीणों ने एक निजी बस को घेर लिया और उसको आग के हवाले कर दिया। घटना सोमवार रात को उज्जैन-इंदौर मार्ग पर पंथपिपलाई-रामवासा गांव के बीच घटी। ग्रामीणों ने बस में आग लगाने से पहले सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया था। उनका गुस्सा देखकर बस चालक फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया। तब तक, बस जलकर खाक हो चुकी थी।
हादसा
भाजपा विधायक की बस से हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस बस ने गायों को कुचला है, वह भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की है। शुक्ला इंदौर-3 से विधायक हैं। सोमवार को बस बलराम जाट ढाबे के समीप पहुंची थी, तभी सड़क पर बैठी 2 गायों को कुचल दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घेरकर पथराव शुरू कर दिया था। पुलिस का कहना है कि बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
जांच
विधायक गोलू शुक्ला की बस बनी हादसों की बस
यह पहली बार नहीं है जब विधायक के बाणेश्वरी ट्रेवल्स की बस से कोई हादसा हुआ हो। इससे पहले तेज रफ्तार बस ने सितंबर 2025 को बाइक पर सवार पति-पत्नी और 2 बच्चों को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी जान चली गई। इसके अलावा, अरविंद हॉस्पिटल के पास बस के तेज रफ्तार से गुजरने पर स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पीट दिया था। शुक्ला परिवार की बसें इंदौर-उज्जैन रूट पर चलती हैं, जिन पर 'गोलू' लिखा होता है।
ट्विटर पोस्ट
बस आग के हवाले
उज्जैन-इंदौर मार्ग पर भीषण हादसा:
— Himanshu Neema (@HimanshuNeema2) July 6, 2026
बस की टक्कर से दो गायों की मौत,
गुस्साए ग्रामीणों ने बस को फूंका
उज्जैन-इंदौर मुख्य मार्ग पर नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के पंथपिपलाई रामवासा गांव के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। pic.twitter.com/N0RWBrijGa