लखनऊ: महिला पर कैंची से किए 30 वार, आरोपी पति हिरासत में
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तेलीबाग में 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को हिरासत में लिया है। पति पर दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने का आरोप है।
मामला PGI थाना क्षेत्र के खरिका इलाके का है। मृतका का नाम मीनाक्षी है और उसका शव शनिवार को घर में खून से लथपथ मिला था।
रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि महिला पर कैंची से 30 वार हुए थे।
हत्या
संतान न होने से पति-पत्नी में हो रहा था विवाद
पुलिस का कहना है कि सर्वेश और मीनाक्षी को शादी के 7 साल होने के बाद भी कोई बच्चा नहीं था। दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद था।
पुलिस के अनुसार, सर्वेश ने बताया कि शनिवार दोपहर को जब वह घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था और मीनाक्षी खून से लथपथ पड़ी थी।
पुलिस को शक है कि सर्वेश ने मीनाक्षी की हत्या कर दरवाजा अंदर से बंद किया और खिड़की से बाहर आ गया।
आरोप
मृतका के परिजनों ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
मीनाक्षी लखीमपुर खीरी की रहने वाली थी। उनके पिता राम सैनी ने पुलिस को बताया कि फरवरी 2017 में उनकी बेटी की शादी तेलीबाग निवासी सर्वेश से हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद सर्वेश के परिजन 4 लाख रुपये की मांग कर रहे थे, ताकि सर्वेश को व्यापार कराया जा सका। आरोप है कि दहेज और बच्चे के लिए मीनाक्षी को प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है।