लखनऊ में अंबेडकर विश्वविद्यालय की छात्रा की फूड प्वाइजनिंग से मौत, छात्रों का रात को हंगामा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में मंगलवार रात को एक छात्रा की फूड प्वाइजनिंग से मौत हो गई। छात्रा की पहचान अनामिका के रूप में हुई, जो इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की प्रथम वर्ष की छात्रा थी और यशोधरा गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी। छात्रा की मौत के बाद आधी रात को विश्वविद्यालय के छात्रों ने परिसर में हंगामा किया और कुलपति आवास घेरने पहुंच गए। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।
घटना
हालात बिगड़ने पर छात्रा गई थी वाराणसी
छात्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले अनामिका की मेस का खाना खाने से तबीयत बिगड़ गई थी। उसने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित क्लीनिक से दवा ली, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उसके परिजन 4 दिन पहले आए और उसे अपने साथ गृहनगर वाराणसी ले गए, जहां उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार देर शाम को अनामिका ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसकी खबर जैसे ही परिसर में फैली, हंगामा शुरू हो गया।
सुरक्षा
परिसर में सुरक्षा बढ़ाई गई, बाहरी छात्रों का प्रवेश वर्जित
प्रदर्शन करने वाले छात्रों का कहना है कि उन्होंने कई बार मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो रामचंद्र ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का निर्देश जारी किया है। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों, पूर्व छात्रों और गैर-छात्रों का प्रवेश रोक दिया है और रात 10 बजे के बाद सिर्फ विश्वविद्यालय छात्रों को प्रवेश की छूट दी है।
ट्विटर पोस्ट
परिसर में हंगामा
लखनऊ : देर रात बीबीएयू (अंबेडकर यूनिवर्सिटी) में छात्रा अनामिका, जो कि बनारस की रहने वाली थी, विश्विद्यालय में इंटीग्रेटेड साइंस की छात्रा थी। जिसकी मौत फूड पॉइजनिंग से हो गई , छात्रों ने मेस के खाने में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कुलपति आवास का किया घेराव। pic.twitter.com/Wniy9r4F3c
— Mohammad Imran (@ImranTG1) April 28, 2026