लोकसभा सचिवालय के निदेशक नोएडा में फ्लैट के अंदर फांसी से लटके मिले, सुसाइड नोट बरामद
क्या है खबर?
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को लोकसभा सचिवालय के 40 वर्षीय निदेशक गौरव गौतम का शव मिलने से हड़कंप मच गया। गौतम नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में रहते थे। उनका शव फ्लैट के अंदर छत के पंखे से लटका हुआ था। घटना के समय गौतम की पत्नी अपने मायके गई थीं। उनके लौटने पर घटना का खुलासा हुआ है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। मामले की जांच चल रही है।
आत्महत्या
अंदर से बंद था फ्लैट का दरवाजा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतम की पत्नी जब बुधवार को अपने मायके से लौटीं तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड को बुलाया।
सुरक्षा गार्ड की मदद से आसपास के लोगों ने दरवाजा खोला, जिसके बाद गौतम का शव फंदे से लटका देख लोगों के होश उड़ गए।
गौतम को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
जांच
सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र
फेज-2 थाना पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि उनको अस्पताल से घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों को मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें गौतम ने कर्ज होने की बात लिखी है, जिससे गौतम मानसिक रूप से परेशान थे।
फिलहाल पुलिस ने सभी कोणों से जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।