लॉरेंस गैंग की एल्विश यादव को धमकी, कहा- 10 करोड़ नहीं दोगे तो गोली मार देंगे
क्या है खबर?
मशहूर यूट्यूबर और 'बिग बॉस OTT-2' के विजेता एल्विश यादव की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर उनसे 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। धमकी देने वाले ने तय समय पर पैसे न देने पर जान से मारने की चेतावनी दी है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, अभी धमकी देने वालों का पता नहीं चल पाया है।
धमकी
एल्विश को क्या मिली है धमकी?
गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में एल्विश ने बताया कि 5 मई को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई थी। कॉल रिसीव न कर पाने के कुछ देर बाद उसी नंबर से एक धमकी भरा मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी सदस्य 'रणदीप मलिक' बताया। संदेश में स्पष्ट रूप से 10 करोड़ रुपये की फिराैती की मांग की गई थी।
चेतावनी
2 दिन में पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी
एल्विश ने बताया कि उन्हें 10 करोड़ रुपये की राशि देने के लिए 2 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। ऐसा न करने पर सीधे गोली मारने की धमकी दी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह खौफनाक मैसेज केवल एल्विश को ही नहीं, बल्कि उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच अपराध शाखा को सौंप दी।
पृष्ठभूमि
पिछले साल भी एल्विश के घर चली थी गोलियां
एल्विश के लिए सुरक्षा का यह खतरा नया नहीं है। पिछले साल 17 अगस्त, 2025 को भी उनके घर पर बाइक सवार 3 अज्ञात हमलावरों ने करीब 24 राउंड गोलीबारी की थी। उस घटना के बाद फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुस्तैदी दिखाते हुए इशांत नाम के युवक और पर्वतीय कॉलोनी निवासी जतिन को गिरफ्तार किया था। वहीं, इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी गौरव और आदित्य को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने रोहिणी इलाके से दबोचा था।