जम्मू-कश्मीर: तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का हाथ- पुलिस महानिरीक्षक
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से यहां आतंकी गतिविधियों में इजाफा हो गया है। आए दिन आतंकी भाजपा नेता और आम लोगों को निशाना बना रहे हैं।
गुरुवार को भी आतंकियों ने कुलगाम में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी। इसके बाद क्षेत्र की सेना अलर्ट पर है।
इसी बीच कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IG) ने घटना के पीछे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ होने की जानकारी दी है। मामले की जांच जारी है।
प्रकरण
आतंकियों ने तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को उतारा मौत के घाट
कुलगाम जिले के वाईके पोरा गांव में गुरुवार रात करीब 08:20 बजे आतंकवादियों ने कार से जा रहे तीन भाजपा कार्यकर्ता फिदा हुसैन याटू , उमर राशिद बेग और उमर रमजान हजाम पर हमला कर दिया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
याटू युवा भाजपा के जिला महासचिव थे, वही अन्य दो सामान्य कार्यकर्ता थे। घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बयान
लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने दिया वारदात को अंजाम- IG
इंडिया टुडे के अनुसार कश्मीर IG विजय कुमार ने बताया कि हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी थे। इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी नासिर अहमद, अब्बास शेख का नाम सामने आया है। इसके अलावा तीसरे आतंकी के पाकिस्तान से होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आतंकियों द्वारा वारदात में काम ली गई कार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब तीनों आतंकियों की तलाश में जुटी है और सर्च अभियान चलाया गया है।
हमला
पूरी तरह से पूर्व-नियोजित था हमला- IG
IG विजय कुमार ने बताया कि हमला पूरी तरह से पूर्व-नियोजित था। आतंकियों ने पहले गाड़ी का पीछा किया गया और फिर मौका देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोली चला दी।
उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान स्पॉन्सर आतंकवाद है। वहीं से लोगों को धमकी दी जाती है और लोगों की हत्या करने का प्लान रचा जाता है।
इस मामले में स्थानीय क्षेत्र के तीन आतंकियों पर शक है, जिसमें अब्बास शेख, निसार शामिल है। उनकी तलाश जारी है।
जानकारी
TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी
IG विजय कुमार ने बताया कि इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेजिजटैंस फ्रंट (TRF) ने ली है। यह संगठन प्रमुख आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का ही हिस्सा है और उसके आदेशानुसार आतंकी हमलों को अंजाम देता है।
निंदा
प्रधानमंत्री ने की है घटना की निंदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए घटना की निंदा की है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।
उन्होंने लिखा, 'मैं हमारे तीन युवा कार्यकर्ताओं की हत्या की निंदा करता हूं। वे तेजस्वी युवा थे जो जम्मू-कश्मीर में शानदार काम कर रहे थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'
जम्मू-कश्मीर भाजपा ने भी इसे बर्बर आतंकी हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
उपराज्यपाल
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी की है घटना की निंदा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले आतंकी मानवता के दुश्मन है।
उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शोक संतप्त परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी।
इसी तरह नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) नेता उमर अब्दुल्ला ने भी हमले की निंदा की है और इसे एक भयानक खबर बताया है।
जानकारी
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के निशाने पर हैं भाजपा नेता
हालिया समय में जम्मू-कश्मीर में कई भाजपा नेताओं पर आतंकी हमले हुए हैं। जुलाई में आंतकियों ने बंदीपोरा में एक भाजपा कार्यकर्ता, उसके पिता और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक महीने बाद कुलगाम में भाजपा सरपंच की हत्या कर दी गई।