Loading...
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर ढेर, कई हमलों में था शामिल
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर ढेर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर ढेर, कई हमलों में था शामिल

लेखन गजेंद्र
Sep 30, 2026
09:33 am

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार देर रात सुरक्षा बलों की आतंकवादियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक आतंकवादी मारा गया है। भारतीय सेना की चिनार कोर ने मारे गए आतंकवादी की पहचान नहीं बताई है, लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ ​​'मूसा' के रूप में की है। उसे दुधपथरी के सुदूर वन क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारा गया है। वह जम्मू-कश्मीर में हुए कई हमलों में शामिल रह चुका है।

मुठभेड़

अभी भी जारी है अभियान

चिनार कोर ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने मध्य कश्मीर के कोरग यूसमर्ग इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया था।

तभी जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती देने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जबरदस्त मुठभेड़ हुई और एक आतंकवादी मारा गया।

कोर ने बताया कि अभी अभियान जारी है और इलाके में छानबीन की जा रही है।

अभियान

मारा जा चुका है मूसा का सहयोगी यासिर

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि मूसा पिछले कई वर्षों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर हुए कई हमलों में वांछित था। इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग पहाड़ियों में हुई एक मुठभेड़ में भी वह बच निकला था।

इससे पहले सुरक्षा बलों ने 5 सितंबर को यूसमर्ग पहाड़ियों पर मुठभेड़ के दौरान मूसा के करीबी सहयोगी यासिर को ढेर कर दिया था।

सुरक्षा अधिकारी मान रहे हैं कि मूसा की मौत जम्मू-कश्मीर में लश्कर के लिए बड़ा झटका है।

ADVERTISEMENT