
कोझिकोड-दोहा एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान का AC बीच हवा में बिगड़ा, 2 घंटे बाद वापस लौटी
क्या है खबर?
केरल के कोझिकोड (पूर्व में कालीकट) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोहा के लिए रवाना हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-375 को बुधवार को वापस लौटा लाया गया। दरअसल, बोइंग 737 विमान सुबह कोझिकोड से रवाना हुआ था, लेकिन 2 घंटे बाद तकनीकी समस्या पता चलने के बाद बीच हवा से वापस लौटाना पड़ा। हवाई अड्डा के अधिकारियों ने इसे आपातकालीन लैंडिंग बताने से इंकार किया है।
विमान
केबिन के AC में आई थी खराबी
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पायलट और चालक दल सहित 188 यात्रियों को लेकर सुबह करीब 9:17 बजे कोझिकोड से उड़ान भरी थी और 11:12 बजे वापस आ गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान के केबिन AC में समस्या आ गई थी, जिसकी वजह से उसे वापस लाया गया, यह कोई आपातकालीन लैंडिंग नहीं थी। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया और समस्या को ठीक किया गया।
जांच
दोपहर डेढ़ बजे रवाना हुई
यात्रियों ने बताया कि विमान अपने निर्धारित समय से 27 मिनट देरी से उड़ा था। विमान को सुबह 8:50 बजे रवाना होना था। विमान में जब तकनीकी खराबी का पता चला, तो वह अरब महासागर के बीच से गुजर रहा था। बीच रास्ते से वापस लौटने के बाद यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की गई। विमान को ठीक करने के बाद दोपहर डेढ़ बजे उसे दोहा के लिए रवाना किया गया।