केरलम: त्रिशूर के पटाखा कारखाने में भीषण विस्फोट के बाद 8 की जान गई, 40 घायल
क्या है खबर?
केरलम के त्रिशूर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पटाखा कारखाने में भीषण विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर 8 लोगों की जान चली गई। हादसा दोपहर साढ़े 3 बजे के बाद मुंडाथिकोड स्थित पटाखा विनिर्माण इकाई में हुआ है। विस्फोट में 40 लोगों के घायल होने की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना पर दमकलकर्मी और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज समेत अन्य अस्पतालों में भेजा गया है।
विस्फोट
कैसे हुआ धमाका?
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, 24 अप्रैल को त्रिशूर पूरम उत्सव होना है, जिसके लिए निर्धारित आतिशबाजी प्रदर्शन की तैयारी चल रही थी। तभी यह हादसा हुआ है। वडक्कनचेरी अग्निशमन केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों में से अधिकांश इसी कारखाने के कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि "पटाखे बनाने की इकाई धान के खेत में स्थित थी जो फसल कटाई के बाद सूख चुका था, भीषण गर्मी ने घटना को और भी गंभीर बना दिया।
जांच
हादसे के कारणों की जांच शुरू
घटना के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन विस्फोट की जांच के आदेश दिए गए हैं। घटनास्थल पर धमाके के बाद की तबाही का मंजर साफ दिख रहा है। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने मुख्य सचिव को घायलों का हालचाल लेने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित की जाए और मरीजों की बढ़ती संख्या को संभालने के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में आवश्यक व्यवस्था की जाए।
ट्विटर पोस्ट
हादसे के बाद का दृश्य
#WATCH | Keralam: A fire broke out at a fireworks storage facility in Mundathikode, Thrissur district.
— ANI (@ANI) April 21, 2026
"5 people in critical care, 2 in ward, 17 minor injuries," says Kerala State Disaster Management Authority (KSDMA) pic.twitter.com/K7L2rgiukI