LOADING...
पहलगाम हमले को सही ठहराने पर केरलम निवासी गिरफ्तार, UAPA के तहत मुकदमा दर्ज
पहलगाम हमले को सही ठहराने पर केरलम निवासी गिरफ्तार (फाइल तस्वीर)

पहलगाम हमले को सही ठहराने पर केरलम निवासी गिरफ्तार, UAPA के तहत मुकदमा दर्ज

लेखन गजेंद्र
Jul 06, 2026
07:39 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले को सही ठहराने और हमले में जान गंवाने वाले एक मृतक पर टिप्पणी करने के मामले में एक 26 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान केरलम के मलप्पुरम जिले के ऐकरप्पडी में रहने वाले मोहम्मद सानूफ के रूप में हुई है। उसे रविवार को सऊदी अरब से कोझिकोड पहुंचने पर हिरासत में लिया गया। आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना

क्या है मामला?

पहलगाम आतंकी हमले में केरलम के एन रामचंद्रन की जान गई थी। उनकी बेटी ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त की थी, जिसके बाद मोहम्मद सानूफ ने उस पर अपनी टिप्पणी की। आरोप है कि सानूफ ने पहलगाम हमले को जायज ठहाराया और महिला के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा की राज्य सचिव अदीना भारती ने शिकायत दर्ज कराई थी। सानूफ सऊदी में काम करते हैं। उनको केरलम लौटने पर पकड़ा गया है।

जांच

ATS को सौंपी जा सकती है जांच

पुलिस का कहना है कि एक साल पहले भारती ने शिकायत दी थी, जिसकी जांच की गई। इसमें टिप्पणी को गंभीर और असंवेदनशील पाया गया, जिसके कारण गिरफ्तार हुई है। कोर्ट ने आरोपी को 14 की हिरासत में भेजा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वह जांच आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) को सौंप सकती है। भाजपा केरल के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने घटना को वर्षों से चल रही तुष्टीकरण, कट्टरता और कांग्रेस-वामदल के राजनीतिक पाखंड का परिणाम बताया है।

Advertisement