Page Loader
केरल में गर्मी ने असर दिखाना शुरू किया, 3 जिलों में येलो अलर्ट जारी
केरल के 3 जिलों में तापमान सामान्य से अधिक

केरल में गर्मी ने असर दिखाना शुरू किया, 3 जिलों में येलो अलर्ट जारी

लेखन गजेंद्र
Feb 19, 2024
12:11 pm

क्या है खबर?

केरल में फरवरी में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। यहां 3 जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। गर्मी को देखते हुए जिलों में येलो अलर्ट जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, कोझिकोड में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। कन्नूर और तिरुवनन्तपुरम में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने बढ़ते तापमान को देखते हुए सलाह जारी की है।

मौसम

हीटस्ट्रोक और सनबर्न से बचने की सलाह

इंडिया टुडे के मुताबिक, SDMA ने लोगों को हीटस्ट्रोक और सनबर्न से बचने की सलाह दी है। उसने लोगों से घर के अंदर रहने और सीधे धूप में निकलने से बचने के लिए कहा है। सुबह 11ः00 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक तेज धूप होगी। उसने लोगों से खुद को हर समय हाइड्रेटेड रखने के लिए भी कहा है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के इलाके में धूप तेज है और तापमान बढ़ रहा है।

गर्मी

स्कूली बच्चों को भी निर्देश

मातृभूमि के अनुसार, SDMA ने स्कूल जाने वाले बच्चों को बाहरी गतिविधियां कम करने की सलाह दी है। स्कूलों में 20 फरवरी से "वाटर-बेल" शुरू होगा, जिससे दिन में 2 बार बच्चों को पानी पीने के लिए भेजा जाएगा। निर्माण और कृषि कार्य में लगे लोगों के साथ-साथ रेहड़ी-पटरी वालों को भी हिदायत दी है। उनको उचित कार्य घंटों की व्यवस्था करने को कहा है। पार्क किए वाहनों में बच्चों और पशुओं को छोड़ने से मना किया गया है।