कर्नाटक के मंगलुरु और मैसूर में KFC समेत कई होटल से बासी मांस बरामद, गोदाम सील
क्या है खबर?
कर्नाटक के कई शहरों में खाद्य सुरक्षा संबंधी छापेमारी में गंभीर कमियां उजागर हुई हैं। मंगलुरु और मैसूर में कई होटल और KFC आउटलेट में बासी मांस जब्त किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैसूर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रीमियम होटलों से बासी चिकन जब्त किया है, जबकि मैंगलोर में एक ग्राहक की शिकायत के बाद KFC आउटलेट पर अचानक छापा मारा गया। सभी प्रतिष्ठानों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
मामला
KFC का गोदाम सील
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलुरु में एक ग्राहक ने आउटलेट से ऑनलाइन चिकन पेरी पेरी लेग्स का ऑर्डर दिया और पाया कि खाना बासी और बदबूदार था।
शिकायत के आधार पर, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने आउटलेट पर छापा मारा और रसोई, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं, डीप फ्रीजर और फ्राइड चिकन स्टॉक का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया और चिकन के नमूने जांच के लिए ले गए हैं।
जांच
मैसूर के होटल में 9 किलो चिकन का बासी मांस
मैसूर शहर में, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रियो मेरिडियन होटल से 9 किलोग्राम बासी चिकन, ग्रैंड मर्क्यूर होटल से 68 किलोग्राम मांस और क्यू स्टार होटल से 4 किलोग्राम मशरूम जब्त किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मैसूर और नंजनगुड तालुकों के रिसॉर्ट्स में निरीक्षण अभियान चलाया। कुल 3 रिसॉर्ट्स का निरीक्षण किया गया और 3 नोटिस जारी किए गए।
अभियान के दौरान, 16 किलोग्राम एक्सपायर्ड और जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
अभियान
बेंगलुरु में भी चला अभियान
खाद्य विभाग ने इससे पहले, 12 अगस्त को, पूर्वी बेंगलुरु के होसकोटे में ज़ेप्टो कंपनी पर गोदाम खाद्य लेबलिंग, हैंडलिंग और भंडारण में कथित उल्लंघन के चलते कार्रवाई की थी।
राज्य के खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष निरीक्षण के बाद गोदाम को सील कर दिया गया था।
बेंगलुरु के 26 होटलों पर भी छापेमारी की गई थी, जिनमें 3 सितारा और 5 सितारा होटल भी शामिल थे। यहां से सड़ा मांस, चिकन, मछली और एक्सपायर्ड बेकरी उत्पाद जब्त किए थे।