Page Loader
कर्नाटक: बेंगलुरू में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए शख्स ने लिया 2.7 लाख का कर्ज
बेंगलुरू में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए शख्स ने लिया 2.7 लाख रुपये का कर्ज (तस्वीर: पिक्सहेयर)

कर्नाटक: बेंगलुरू में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए शख्स ने लिया 2.7 लाख का कर्ज

लेखन गजेंद्र
Aug 21, 2023
04:51 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए एक शख्स ने 2.7 लाख रुपये का कर्ज लिया। 32 वर्षीय आरिफ मृदुल ने बताया कि उन्होंने सरकारी उदासीनता के कारण यह निर्णय लिया। TOI के मुताबिक, आरिफ सिटीजन्स ग्रुप ईस्ट बेंगलुरू नामक समूह के संस्थापक सदस्य हैं। इस समूह ने रविवार को टैक्स भरने के खिलाफ 'नोडेवलेपमेंटटैक्स' नामक अभियान शुरू किया है। इसके तहत समूह के सदस्य सड़कों के गड्ढे भरने के लिए पैसे दे रहे हैं।

सोच

गड्ढों को भरने के लिए कम पड़े पैसे

रिपोर्ट के मुताबिक, सदस्यों ने मिलकर हलनायकनहल्ली, मुनेश्वर लेआउट और चूड़ासंद्रा में 6 किलोमीटर तक सड़क के गड्ढे भरने के लिए पैसे दिए थे। आरिफ ने इसी मिशन के लिए 2.7 लाख रुपये का कर्ज लिया था। आरिफ ने बताया कि उनकी जैसी विचारधारा के लोगों ने मिलकर 5 साल साल पहले सिटीजन्स ग्रुप ईस्ट बेंगलुरू शुरू किया था। उन्होंने बताया कि समूह ने मिलकर कई सड़कों के गड्ढे ठीक किए, लेकिन पैसे कम पड़ने पर उन्हें कर्ज लेना पड़ा।

हादसे

आए दिन होते थे हादसे

आरिफ ने बताया कि उनके अपार्टमेंट के सामने होसा रोड पर गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते थे। एक दिन ऑटो पलटने से उसमें सवार महिला को काफी चोट लगी थी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को एक डिलीवरी कंपनी का कर्मचारी रात को गड्ढे से बचने के चक्कर में कार से टकरा गया, जिससे उसका पैर टूट गया। बाद में पता चला कि वह परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य है, इसलिए यह अभियान शुरू किया।