कर्नाटक के कलबुर्गी और बेंगलुरु में स्कूली छात्रावास में खाना खाने के बाद छात्र बीमार पड़े
क्या है खबर?
कर्नाटक के कलबुर्गी और बेंगलुरु के अलग-अलग स्कूली छात्रावासों में खाना खाने के बाद छात्रों के बीमार होने की खबर सामने आई है। कलबुर्गी जिले में गुरुवार को दंडोती गांव के एक सरकारी छात्रावास में भोजन करने के बाद 15 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए। छात्रों ने खाना खाने के तुरंत बाद उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की थी। छात्रों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना
बेंगलुरु में भी बीमार पड़े छात्र
कलबुर्गी के अलावा बेंगलुरु दक्षिण के बसवनपुरा में भी एक निजी स्कूल के छात्रावास में खाना खाने के बाद छात्र बीमार पड़ गए, जिसमें से 11 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्रों ने शाम के भोजन में चावल और पत्तेदार सब्जी की करी खाने के बाद पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी। आवासीय विद्यालय में लगभग 30 छात्र रहते हैं। सभी की हालत स्थिर है।
जांच
भोजन और पानी की जांच
घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। उसने छात्रों को परोसे गए भोजन और पानी के नमूने लिए हैं। अधिकारी स्कूल परिसर और छात्रावास में स्वच्छता और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। बता दें कि 2 दिन पहले बेंगलुरु उत्तर तालुक के कदयारप्पनहल्ली स्थित स्कूल छात्रावास में कक्षा 6 के छात्र गुरुकिरण जॉगिंग करते हुए बेहोश हो गए थे, जिनकी बात में मौत हो गई थी।