बेंगलुरु: बाल्टी में डूबने से 11 महीने के बच्चे की मौत, इंजीनियर मां ने की आत्महत्या
क्या है खबर?
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां अपने बच्चे की मौत के बाद मां सदमे में चली गई और अपनी जान दे दी। घटना बुधवार 1 अप्रैल को चंद्र लेआउट इलाके में घटी है। मृतका 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रतिभा हैं, जबकि उनका बेटा अगस्त्य 11 महीने का था। अगस्त्य की मौत पानी से भरे बाल्टी में डूबने से हुई थी, जबकि प्रतिभा ने फांसी लगाकर जान दी। प्रतिभा ने सुसाइड नोट भी लिखा था।
घटना
क्या है पूरा मामला?
प्रतिभा सॉफ्टवेयर कंपनी में तैनात थीं और घर से काम करती थीं। उनके पति महंतेश एक टेक्नीशियन हैं। बुधवार दोपहर को प्रतिभा बेटे अगस्त्य के साथ घर पर अकेली थीं। तभी दोपहर को वह कपड़े सुखाने के लिए छत पर गईं। इस बीच उनका बेटा अगस्त्य रेंगते हुए बाथरूम तक चला गया और पानी से भरे बाल्टी में गिर गया। जब वह लौटी तो बच्चे को बाल्टी में बेसुध पाया। बेटे की मौत से वह बुरी तरह टूट गईं।
आत्महत्या
कलाई काटी, गोलियां खाई, फिर फांसी से लटके
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या से पहले प्रतिभा ने सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें बच्चे की मौत के लिए उन्होंने खुद की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। इसके बाद उन्होंने अपनी कलाई काटी और कुछ गोलियां खाई, फिर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। शाम को उनके पति महंतेश घर लौटे और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर अपनी चाभी से अंदर प्रवेश किया और 2 शवों को देखकर चौंक गए। उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।