
कर्नाटक: बेल्लारी में कल्याण ज्वैलर्स के शोरूम में AC फटा, 3 लोग घायल
क्या है खबर?
कर्नाटक के बेल्लारी में गुरुवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां टेरू स्ट्रीट पर स्थित कल्याण ज्वैलर्स के शोरूम में गुरुवार शाम को एक एयर कंडीशनर (AC) में धमाका हो गया।
इंडिया टुडे के मुताबिक, हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद शोरूम में धुआं-धुआं हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा
खराब AC में हुआ धमाका
रिपोर्ट के मुताबिक, शोरूम में लगे खराब AC में धमाका हुआ था। धमाका इतना तेज था कि खिड़कियों में लगे शीशे बुरी तरह टूट गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, धमाके के बाद शोरूम में आग नहीं लगी।
हादसे के बाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाया जा रहा है।
घटना
इससे पहले रामेश्वरम कैफे में हुआ था धमाका
कर्नाटक के बेंगलुरु में इससे पहले रामेश्वरम कैफे में धमाका हुआ था, जिसके बाद संभावना जताई जा रही थी कि सिलेंडर में विस्फोट हुआ है। हादसे में करीब 8 लोग घायल हुए थे।
इसके बाद आतंकी गतिविधि की आशंका जताते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मामले की जांच को अपने हाथ में ले लिया था। NIA ने अभी तक 2 लोगों को गिरफ्तार है, जिनके आतंकी संगठन से तार जुड़े हुए हैं।