Page Loader
कर्नाटक: गोमांस ले जा रहे 7 गिरफ्तार, हिंदू संगठन ने कार में आग लगाई
कर्नाटक में गोमांस की तस्करी में 7 लोग गिरफ्तार

कर्नाटक: गोमांस ले जा रहे 7 गिरफ्तार, हिंदू संगठन ने कार में आग लगाई

लेखन गजेंद्र
Sep 25, 2023
11:28 am

क्या है खबर?

कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर में गोमांस ले जा रहे वाहन की सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार को 7 लोगों को गिरफ्तार किया और 5 वाहन जब्त किए गए। घटना रविवार सुबह 5ः45 बजे की है। वाहन आंध्र प्रदेश से बेंगलुरु जा रहा था। वाहन को श्रीराम सेना के कार्यकर्ताओं ने डोड्डाबल्लापुर में रोका। पुलिस ने बताया कि संगठन द्वारा वाहन रोके जाने की खबर मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान 18 टन मांस बरामद किया गया।

तस्करी

हिंदू संगठन के 14 कार्यकर्ता भी गिरफ्तार

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मांस तस्करी के काफिले में शामिल एक कार को आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में 14 कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। बेंगलुरू ग्रामीण के पुलिस प्रमुख ने बताया कि संगठन के लोगों ने वाहन रोकने के बाद लोगों को गालियां देना शुरू कर दिया और कुछ लोगों से मारपीट भी की। पुलिस ने बताया कि उन्होंने मांस तस्करों और हिंदू संगठन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोप

हिंदू संगठन ने लगाया पुलिस पर आरोप

डोड्डाबल्लापुरा में श्रीराम सेना के महासचिव सुंदरेश नागराल ने सवाल उठाया कि समूह के सदस्यों को पुलिस ने क्यों गिरफ्तार किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टोलगेट पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने गोमांस ले जा रहे वाहनों को जाने दिया। नागराल ने मांग की कि जिला प्रशासन सतर्कता बढ़ाने के लिए घटनास्थल का दौरा करे। पुलिस का कहना है कि मामले में कुल 21 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। आगे की जांच जारी है।