करनाल की 17 वर्षीय याशिका ने अमेरिका में किया भारत का नाम रोशन, जानिए क्या किया
हरियाणा के करनाल जिले की रहने वाली 17 साल की याशिका ने हाल ही में अमेरिका में हुए एक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष कार्यक्रम में भारत की तरफ से हिस्सा लिया। 15 दिनों तक चले इस कार्यक्रम में उसने 35 देशों के छात्रों के साथ मिलकर मंगल ग्रह की खोज के लिए नए-नए विचार दिए। साथ ही उसे NASA की असली रिसर्च को भी करीब से देखने का मौका मिला। याशिका अभी कक्षा 11 में पढ़ती हैं।
निबंध और साक्षात्कार के जरिए हुआ याशिका का चुनाव
फाउंडेशन फॉर इंटरनेशनल स्पेस एजुकेशन ने निबंध, साक्षात्कार और NASA के विशेषज्ञ रिव्यू के आधार पर याशिका को इस कार्यक्रम के लिए चुना था। उसकी मेंटर डॉ. पारुल ने बताया कि इस कार्यक्रम में छात्रों को सीधे अंतरिक्ष यात्रियों और बड़े वैज्ञानिकों से सीखने का मौका मिलता है। कल्पना चावला (जो करनाल से ही थीं) से प्रेरणा लेकर याशिका एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनने का सपना देखती है। याशिका के पिता का कहना है कि यह अनुभव उसके भविष्य के लक्ष्यों को तय करने में बहुत काम आएगा।